सुभाष प्रजापति संवाददात धार
फसलों के बीच छिपी थी गांजे की खेती, 39 लाख का माल जब्त
धरमपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सुराणी के तीन खेतों से 225 पौधे बरामद; जमीन मालिकों के खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज
धरमपुरी (धार)। मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धरमपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सुराणी के तीन अलग-अलग खेतों में उगाई जा रही अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने खेतों से गांजे के करीब 225 पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन लगभग 387 किलोग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, फसलों के बीच छिपाकर गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद धरमपुरी पुलिस की टीम ने ग्राम सुराणी में दबिश दी। जांच के दौरान तीन अलग-अलग खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती होना सामने आया।
पुलिस ने खेत मालिक कालू पिता गुलाब, पप्पू पिता फूल सिंह और बाली बाई पिता सुखलिया के खेतों से गांजे के पौधे जब्त किए। मामले में मोहन पिता नवल जर्मन का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीणा एवं पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक रवि वास्के, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश सिसोदिया, मानसिंह मोरे, प्रधान आरक्षक महेश एवं नरेंद्र सोलंकी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खेतों में लहलहा रही थी नशे की फसल
सुराणी के खेतों में अन्य फसलों की आड़ में गांजे की खेती किए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी।









