मध्यप्रदेश को मिला ‘बेस्ट स्टेट टूरिज्म बोर्ड’ अवॉर्ड – इंडिया ट्रैवल अवॉर्ड्स 2025 में रचा इतिहास
नई दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में आयोजित भव्य इंडिया ट्रैवल अवॉर्ड्स 2025 समारोह में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को ‘बेस्ट स्टेट टूरिज्म बोर्ड’ के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रदान किया।
यह सम्मान पर्यटन क्षेत्र में मध्यप्रदेश की नवाचार, सतत विकास और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में हो रहे प्रयासों की पुष्टि है। राज्य के पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने इसे प्रदेश की जनता और संस्कृति के गौरव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पर्यटन को राज्य विकास की धुरी बनाया जा रहा है।
शिव शेखर शुक्ला, अपर मुख्य सचिव एवं प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, ने अवॉर्ड को टीमवर्क और दूरदर्शिता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना, महिलाओं को अवसर देना, परंपराओं को सहेजना और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखते हुए विश्वस्तरीय अनुभव उपलब्ध कराना है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड इको-टूरिज्म, होमस्टे, साहसिक और अनुभवात्मक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आतिथ्य सेवाओं और विज़िटर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर लगातार काम कर रहा है। यह अवॉर्ड राज्य को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
