
धार। जिले के बदनावर के भैसोला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन 17 सितंबर को देश के पहले पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क का भूमि पूजन करेंगे। यह पार्क 2200 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहा है और प्रदेश का एकमात्र पार्क है। इसके शुभारंभ से किसानों और युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा और बदनावर क्षेत्र की तस्वीर व तकदीर बदलने की उम्मीद है।
सभा स्थल पर एक लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। सुरक्षा के लिए 2000 से अधिक पुलिसकर्मी, 70 विशेष बल, 40 डीएसपी और 2 एसपी तैनात किए गए हैं। पीएम और अन्य नेताओं के लिए 6 हेलीपैड बनाए गए हैं, वहीं पांच विशाल डोम और चार प्रवेश द्वार की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर कॉटन इंडस्ट्रीज से जुड़े 100 से अधिक उद्योगपतियों को भूमि आवंटन के प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे। प्रधानमंत्री की अगवानी प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय करेंगे। आसपास के 12 जिलों से लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।










