Search
Close this search box.

गायों की रक्षा किसान करें , गौशालाएं नहीं…! उमा भारती का बड़ा हमला , 2029 में झांसी से चुनाव लड़ने का ऐलान…!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व सीएम बोलीं — किसानों को मिले ₹10 हजार महीने की मदद , लाडली बहनों को दी जाएं दो-दो गायें , गऊ–गंगा अभियान से बदलेंगे हालात।

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बुधवार को भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौ संवर्धन, लाडली बहन योजना, और प्रदेश की नीतियों पर बड़े बयान दिए। उन्होंने साफ कहा कि गौशालाओं से गायों की रक्षा नहीं होगी, बल्कि किसान ही असली रक्षक हैं।

उमा ने कहा कि बीमार गायों को गौशालाओं में रखा जाना चाहिए, जबकि स्वस्थ गायों को किसानों के पास होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि किसानों को गौ पालन के लिए आर्थिक सहायता के रूप में ₹10,000 प्रति माह मिलनी चाहिए ताकि वे गायों की सही देखभाल कर सकें।

उन्होंने कहा, “गौ संवर्धन के लिए मध्य प्रदेश में नीतिगत संशोधन जरूरी है। किसानों को जमीन के साथ आर्थिक मदद दी जाए। जन जागरण की जरूरत है ताकि लोग गाय और गंगा दोनों की पवित्रता समझें।”

गऊ और गंगा अभियान साथ चलाने की बात

उमा भारती ने कहा कि “गऊ और गंगा अभियान एक साथ चल सकते हैं।”

उनका कहना है कि अगर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाए, तो खेतों का केमिकल गंगा में नहीं जाएगा और इससे नदी भी निर्मल होगी।

उन्होंने घोषणा की कि गोपाष्टमी के अवसर पर 4 नवंबर को अयोध्या नगर में गौ संवर्धन सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों को बुलाया गया है। इसके साथ ही गंगा की निर्मलता के लिए भी राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

लाडली बहन योजना पर नया सुझाव

लाडली बहन योजना को लेकर उन्होंने कहा कि “लाडली बहनों को 2-2 गाय दी जानी चाहिए।”

उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी पशुपालन मंत्री लखन पटेल से बात भी हुई है।

उमा ने कहा कि इससे लाडली बहनों की आय बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को गाय दी जानी चाहिए।

राजनीतिक बयान: झांसी से लड़ेंगी 2029 का चुनाव

उमा भारती ने स्पष्ट किया कि वह राजनीतिक हाशिए पर नहीं हैं, बल्कि सक्रिय रूप से अपना काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “2029 का लोकसभा चुनाव मैं झांसी से लड़ूंगी, मेरा दिन झांसी में ही है।”

कांग्रेस पर तीखा प्रहार

गों संवर्धन के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला।

कहा कि “1966 से गौ संवर्धन अभियान चल रहा है, इस मुद्दे पर कांग्रेस के बोलने की औकात नहीं। सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।”

साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की अड़चनों को दूर करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करना चाहिए।

कुपोषण और महिलाओं पर चिंता

उमा भारती ने माताओं और पोषण की स्थिति पर चिंता जताई।

कहा कि “माताओं को पोषक आहार ठीक से मिलना चाहिए। माताओं को मजबूत बनाना होगा। सिस्टम में शामिल लोगों के घरों में करोड़ों मिल रहे हैं, जबकि गरीबों की स्थिति नहीं सुधर रही।”

मुख्यमंत्री मोहन यादव पर टिप्पणी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के “माखन चोर” वाले भाषण पर उन्होंने कहा,

“राजनेताओं को ऐसे धार्मिक उपमानों से बचना चाहिए। यह संतों के कहने की बातें हैं। मुख्यमंत्री भोले भंडारी हैं, झूमकर बोलते हैं, पर भगवान कृष्ण को माखन चोर कहना शास्त्रों में ही उचित है।”

संक्षेप में…!

उमा भारती ने एक बार फिर अपने गौ और गंगा प्रेम को केंद्र में रखते हुए किसान, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस सुझाव दिए।

उनका यह बयान आने वाले राजनीतिक समीकरणों और समाजिक अभियानों पर गहरा असर डाल सकता है।

 

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें