लोकल फॉर वोकल का संदेश : PWD मंत्री राकेश सिंह ने खरीदे मिट्टी के दीपक, कहा – “स्वदेशी अपनाएं, आत्मनिर्भर भारत बनाएं”
MP – जबलपुर। दीपावली के अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सोमवार दोपहर गढ़ा बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने मिट्टी से बने दीपक खरीदकर लोगों को “लोकल फॉर वोकल” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली हमारे लिए केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि स्वदेशी भावना को मजबूत करने का अवसर है।

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान को पूरे देश ने अपनाया है। आज हर नागरिक स्थानीय उत्पादों की ओर अग्रसर हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच भारतवासियों का यह संकल्प दिखाता है कि देश जल्द ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत के रूप में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि दीपावली देश का सबसे बड़ा त्योहार है और इस समय अधिकतर लोग खरीदारी करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी दरों में कटौती कर इस दीपावली को खास और ऐतिहासिक बना दिया है। इससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है, और लोग अधिक संख्या में स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं।
राकेश सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशवासी दिल से स्वदेशी उत्पाद अपना रहे हैं। इससे न केवल स्थानीय कारीगरों की मेहनत को सम्मान मिल रहा है, बल्कि उनके घरों में भी खुशियों का प्रकाश पहुंच रहा है। यही दीपावली की सच्ची भावना है — जब हम अपनी मिट्टी और अपने लोगों के साथ मिलकर रोशनी फैलाते हैं।”
संदेश स्पष्ट है : लोकल अपनाएं, स्वदेशी बढ़ाएं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें…!










