शातिर महिला ड्रग पेडलर गिरफ्तार, टीलाजमालपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
भोपाल। टीला जमालपुरा थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर महिला ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी जोन-3 अभिनव चौकसे ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त महिला नशे की तस्करी में सक्रिय है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने निर्धारित स्थान पर दबिश दी और महिला को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 9 ग्राम एमडी (ड्रग) और एक एप्पल मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त माल की कुल कीमत करीब 1,52,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार महिला लंबे समय से अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर राजधानी भोपाल में एमडी की सप्लाई कर रही थी। गिरफ्तार महिला से आगे पूछताछ जारी है, जिसके आधार पर उसके प्रेमी और ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना है।










