मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास पर्व के अंतर्गत राजधानी के मुखर्जी नगर (कोलार) क्षेत्र में बने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय नागरिकों, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के युवाओं को खेलों की दिशा में नई ऊर्जा और अवसर प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर जिले और नगरीय क्षेत्र में खेल संसाधनों का विस्तार कर युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स न केवल प्रतिभाओं को निखारने में सहायक होगा, बल्कि स्वस्थ्य एवं सक्रिय समाज निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कॉम्प्लेक्स में मल्टीपर्पज इंडोर हॉल, आधुनिक फिटनेस सुविधाएं, विभिन्न खेलों के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विकास पर्व के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है, जिससे राजधानी में बुनियादी ढांचा और जनसुविधाओं के विस्तार को और गति मिल रही है।










