भोपाल
ब्लाइंड वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप–2025 की विजेता खिलाड़ियों से मंत्री विश्वास सारंग की मुलाकात
टीटी नगर स्टेडियम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने ब्लाइंड वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप–2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाली मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने प्रदेश की सुनीता सराठे (नर्मदापुरम–पिपरिया), दुर्गा येवले (बैतूल) एवं सुषमा पटेल (दमोह) से मुलाकात कर उनके संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हर नेशनल टीम में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि प्रदेश खेलों का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है।
मंत्री सारंग ने कहा कि ब्लाइंड वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम में मध्यप्रदेश की बेटियों का शामिल होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इन बेटियों ने अपने साहस, आत्मविश्वास और मेहनत से यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक दिन पूर्व ही इन विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया था। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को 25 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की है, वहीं टीम के कोच को 1-1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय भी लिया गया है।
मंत्री विश्वास सारंग ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना और आवश्यक साधन-संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी, ताकि भविष्य में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सफलता अर्जित कर सकें।










