भोपाल में IAS संतोष वर्मा के खिलाफ ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, कड़ी कार्रवाई की मांग
भोपाल।
मध्यप्रदेश के IAS अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद प्रदेशभर में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजजनों ने उनके खिलाफ विरोध दर्ज कराया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि संतोष वर्मा पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें निलंबित किया जाए।
इसी कड़ी में बुधवार को भोपाल में ब्राह्मण समाज एक बार फिर एकजुट होकर सड़कों पर उतरा। रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बाणगंगा क्षेत्र के पास बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई बार समझाइश दी, लेकिन जब प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो वाटर कैनन का प्रयोग किया गया।
प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने संतोष वर्मा के बयान को समाज की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कड़ा आक्रोश जताया और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की। उनका कहना था कि ऐसे बयान न केवल आपत्तिजनक हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचाते हैं।
मामले पर एसीपी मनीष भारद्वाज ने बताया कि ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है और उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
वहीं प्रदर्शन में शामिल सुरेश शुक्ला, गौरव व्यास और ग्वालियर से आए फौजी नेता एल.पी. मिश्रा ने भी संतोष वर्मा पर कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।










