Search
Close this search box.

भोपाल स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री की मीडिया से चर्चा दावोस दौरे की उपलब्धियां साझा, निवेश–रोजगार पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्टेट हैंगर पर आगमन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अपने विदेश दौरे के दौरान हुई महत्वपूर्ण बैठकों और अहम चर्चाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दावोस में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों को लेकर सार्थक संवाद हुआ है, जिससे मध्यप्रदेश को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश आज दुनिया में सबसे सस्ती बिजली उत्पादन करने वाले राज्यों में शामिल है। राज्य की जीडीपी तेजी से बढ़ रही है और सबसे कम बेरोजगारी दर वाले राज्यों में भी मध्यप्रदेश अग्रणी है। उन्होंने कहा कि विश्व पटल पर भारत का डंका बज रहा है और दावोस में भारत का प्रतिनिधिमंडल सबसे बड़ा रहा, जो देश की बढ़ती वैश्विक भूमिका को दर्शाता है।

डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में भी तेजी से उभर रहा है। बैटरी एनर्जी स्टोरेज को लेकर भी दावोस में महत्वपूर्ण चर्चा हुई है, जो भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए अहम साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार हर देश तक पहुंचेगी और मध्यप्रदेश को उद्योग व रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाएगी।

धार से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां साम्प्रदायिक सौहार्द का सकारात्मक वातावरण बना है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार पूजा और नमाज दोनों शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मिल-जुलकर आगे बढ़ने का दौर है और ऐसी अनुकूलता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने बताया कि धार में करीब 30 हजार लोगों ने दर्शन किए और शांतिपूर्ण रूप से नमाज भी अदा की गई।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश विकास, निवेश और सामाजिक समरसता के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें