भोपाल में हिजरी कैलेंडर बांटने पर सियासत गरम, मंत्री विश्वास सारंग का कांग्रेस पर तीखा हमला
भोपाल। राजधानी भोपाल में कांग्रेस नेता द्वारा हिजरी कैलेंडर बांटे जाने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मामले पर मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया है।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सनातन धर्म, हिंदू दर्शन, हिंदू त्योहारों, हिंदू मतावलंबियों और संतों के अपमान से भरा रहा है। अब हिजरी कैलेंडर बांटकर कांग्रेस यह साबित करना चाहती है कि वह एक बार फिर तुष्टिकरण की राजनीति में लिप्त है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस के किसी भी नेता ने कभी हिंदू त्योहारों या सनातन संस्कृति से जुड़ा कोई सकारात्मक साहित्य बांटा है? मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय राजनीति करती है, कोट के ऊपर जनेऊ पहनकर खुद को हिंदू साबित करने का प्रयास करती है, लेकिन पर्दे के पीछे मुस्लिम परस्ती की राजनीति करती है।
मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। एक ओर राम मंदिर का विरोध करती है, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े करती है और दूसरी ओर इस्लामिक कैलेंडर बांटकर मुस्लिम समाज को खुश करने का प्रयास करती है।
विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र उसकी वोट बैंक की राजनीति को साफ तौर पर उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उद्देश्य समाज को बांटना और धर्म के नाम पर राजनीति करना है, जबकि भाजपा सनातन संस्कृति और सर्वसमाज के विकास के साथ खड़ी है।
इस पूरे मामले को लेकर राजधानी की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।










