Search
Close this search box.

“वीबीजी रामजी से बदलेगा गांवों का भविष्य, विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव : जयपाल सिंह चावड़ा”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार में वीबीजी रामजी योजना को लेकर जनप्रतिनिधि जिला सम्मेलन सम्पन्न

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम : जयपाल सिंह चावड़ा

धार।

 

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम – वीबीजी रामजी के जन-जागरण को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय, धार में जिला स्तरीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में योजना की उपलब्धियों, उद्देश्य और क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र सरकार में राज्य मंत्री एवं सांसद सावित्री ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, विधायक नीना वर्मा, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता एवं पितृ पुरुष के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य वक्ता जयपाल सिंह चावड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि वीबीजी रामजी अधिनियम को केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे संरचना निर्माण, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से जोड़कर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गांवों में स्थायी, समग्र और सुनियोजित विकास सुनिश्चित होगा। ग्राम पंचायतें अपनी स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं स्वयं तैयार करेंगी, जिनमें पीएम गति शक्ति, जीआईएस सहित आधुनिक आईटी टूल्स का उपयोग किया जाएगा।

चावड़ा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए यह विधेयक एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम है, जो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ अंतिम पंक्ति में बैठे जरूरतमंद व्यक्ति को रोजगार और खुशहाली प्रदान करेगा। यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसे हम सभी को मिलकर साकार करना है।

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण 2025 के तहत गांवों की योजनाएं अब उनकी वास्तविक और स्थानीय जरूरतों के आधार पर तय होंगी। इससे किसानों और श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु राठौड़, पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त महेंद्र सिंह पिपलीपाड़ा, जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने व राकेश पटेल, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया व मुकामसिंह निगवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिला व जनपद पंचायत सदस्य तथा सहकारिता से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा के प्रथम नगर आगमन पर विभिन्न मंचों से उनका स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा उन्हें आदिवासी संस्कृति के प्रतीक तीर-कमान भेंट किए गए, वहीं पर्यावरण प्रेमी अमृत पाटीदार द्वारा पौधा भेंट कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष एवं टोली सह संयोजक रविंद्र पाटीदार ने किया, जबकि भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमचंद परमार ने आभार प्रदर्शन किया।

यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा एवं सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी कवि ने दी।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें