भोपाल।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यालय में संभाग एवं जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार उसका संगठनात्मक ढांचा और कार्यकर्ताओं की सक्रियता है। उन्होंने संभाग और जिला प्रभारियों से कहा कि वे जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही संगठनात्मक अनुशासन, बूथ स्तर की मजबूती, सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका और विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह पार्टी की रीति-नीति और सरकार के कार्यों को जनता तक ईमानदारी से पहुंचाए। उन्होंने सभी प्रभारियों से निरंतर संवाद, समीक्षा और समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी एवं पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से आगामी रणनीति को धार देने की दिशा में स्पष्ट संकेत दिए गए हैं।










