डिंडौरी, – बैगा बहुल गोयरा में 2 करोड़ की सड़क पर ‘गिट्टी’ का खेल! गुणवत्ता पर भड़के ग्रामीण
डिंडौरी जिले के बैगा बहुल गांव गोयरा में बन रही सड़क अब विकास से ज्यादा विवाद की वजह बन गई है। प्रधानमंत्री जनमन ग्राम सड़क योजना के तहत गोयरा से बेगान टोला तक करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि करोड़ों की लागत के बावजूद जमीनी हकीकत सिर्फ “गिट्टी बिछाने” तक सिमट कर रह गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की तय समय सीमा 3 जून 2025 थी, लेकिन अब तक सड़क पूरी तो दूर, मजबूत आधार तक तैयार नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि बड़ी गिट्टी की ठोस परत डाले बिना ही सीधे छोटी गिट्टी डाल दी गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है—क्या यह सड़क बरसात की पहली मार भी झेल पाएगी?
बैगा समुदाय के लोगों का गुस्सा साफ झलक रहा है। उनका कहना है कि आदिवासी क्षेत्र समझकर घटिया निर्माण किया जा रहा है। “क्या हमारे हिस्से में सिर्फ कागजी विकास ही आएगा?”—ग्रामीण खुले तौर पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि अगर अभी गुणवत्ता की जांच नहीं हुई तो यह सड़क कुछ ही महीनों में उखड़ जाएगी और करोड़ों रुपये पानी में बह जाएंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक ओमकार मरकाम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच कराने की बात कही है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या जांच सिर्फ औपचारिकता होगी या वाकई जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?
बैगा बहुल गोयरा में सड़क सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार की जीवनरेखा है। अगर इसी में लापरवाही बरती गई, तो यह सिर्फ निर्माण में खामी नहीं बल्कि भरोसे का टूटना होगा। अब नजर प्रशासन पर है—क्या 2 करोड़ की इस सड़क को मजबूती मिलेगी या फिर यह भी कागजों में ही चमकती रहेगी?










