धार पहुंचते ही अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव का भव्य स्वागत, बोले— “कुशाभाऊ ठाकरे की जन्मभूमि सहयोग और समर्पण की भूमि”

धार। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव शुक्रवार को धार दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले भोजशाला में दर्शन-पूजन किया, इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री दिलीप पटोंदिया, महेंद्र सिंह चाचू सहित कई वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने महेंद्र सिंह यादव का माँ वाग्देवी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों के हित में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि से लेकर तीन लाख रुपये तक के ब्याजमुक्त ऋण जैसी योजनाओं के माध्यम से सहकारिता को नई मजबूती मिली है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे को याद करते हुए कहा कि “धार उनकी जन्मभूमि है और यह भूमि सहयोग, समर्पण तथा संगठन की संस्कृति की प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि ठाकरे जी का अनुशासित और समर्पित जीवन हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है तथा राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक सोच रखने वाले लोगों को नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए।
धार प्रवास के दौरान महेंद्र सिंह यादव ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा तथा भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री दिलीप पटोंदिया के निवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट भी की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने, जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रविंद्र पाटीदार, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला महामंत्री अंकित भावसार ने किया।










