“5.61 लाख करोड़ के कर्ज में डूबा मध्यप्रदेश, सरकार श्वेत पत्र लाए” — जीतू पटवारी का हमला
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पर 5 लाख 61 हजार करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है, लेकिन इस धन का उपयोग विकास के बजाय सरकारी आयोजनों में फिजूलखर्ची और अय्याशी पर किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से कर्ज की वास्तविक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग दोहराई और कहा कि विपक्ष लंबे समय से इसकी मांग कर रहा है, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है।
नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध का मुद्दा उठाते हुए पटवारी ने कहा कि 178 गांवों के विस्थापन और पुनर्वास का दर्द मध्यप्रदेश ने झेला, लेकिन बदले में राज्य को केवल 231 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि मध्यप्रदेश के 7,500 करोड़ रुपये क्यों छोड़े गए, इसका जवाब सरकार के पास नहीं है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में भी श्वेत पत्र जारी करने की मांग की और पूछा कि इस विषय पर कैबिनेट, विधानसभा, विपक्ष या पर्यावरणविदों से चर्चा क्यों नहीं की गई।
अपने मौन सत्याग्रह को लेकर पटवारी ने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं था, बल्कि “मोदी मॉडल” के खिलाफ था, जिससे देश की दिशा तय की जा रही है।
समान नागरिक संहिता (UCC) पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार का विषय है और प्रदेश सरकार केवल लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
दतिया उपचुनाव पर कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा को लेकर पटवारी ने कहा कि “आज शाम तक सभी की जिज्ञासा समाप्त हो जाएगी।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 500 प्रतिशत दतिया उपचुनाव जीतेगी।
मंदिरों में चंदे की कथित चोरी के मामलों पर उन्होंने कहा कि “धर्म की आड़ में लगातार चोरी हो रही है और सरकार इस पर कार्रवाई करने में विफल है।”










