प्रॉपर्टी की लालच में डबल मर्डर : ब्रोकर और उसके भाई ने रची हत्या की साजिश
भोपाल, मध्य प्रदेश।
भोपाल में हुए चर्चित शकुंतला और हेमंत हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या प्रॉपर्टी विवाद और करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश के तहत की गई थी। इस मामले में पुलिस ने ब्रोकर श्रीकांत और उसके भाई शशिकांत को आरोपी बनाया है।
पुलिस के अनुसार, ब्रोकर श्रीकांत ने धोखे से शकुंतला से उनकी संपत्ति का दानपत्र (गिफ्ट डीड) अपने पक्ष में तैयार करा लिया था। बाद में जब शकुंतला और हेमंत ने अपनी संपत्ति बेचने का फैसला किया, तब आरोपियों को अपनी योजना विफल होती नजर आई। इसी के चलते दोनों भाइयों ने मिलकर शकुंतला और हेमंत की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के पीछे मुख्य उद्देश्य संपत्ति पर कब्जा बनाए रखना था। पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए आर्थिक लेनदेन और दस्तावेजों की भी गहन जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, मामले में एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। पुलिस उसके खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही उसे भी आरोपी बनाया जा सकता है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाएगा।










