Search
Close this search box.

मनावर आज होगा जगन्नाथमय, भगवान श्री जगन्नाथ की द्वितीय भव्य रथयात्रा निकलेगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरे कृष्णा टीम और सकल हिंदू समाज की तैयारियां पूरी, दोपहर 3:30 बजे बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से होगा शुभारंभ, नगरभर में होगा भव्य स्वागत

संजय यादव  रिपोटर… 

मनावर (धार)। धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक भगवान श्री जगन्नाथ की द्वितीय भव्य रथयात्रा रविवार, 19 जुलाई को मनावर नगर में पूरे वैभव और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। हरे कृष्णा टीम एवं सकल हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशाल धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और नगरवासियों से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के दिव्य दर्शन एवं रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर 3:30 बजे श्री बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और मंगल आरती के साथ होगा। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा आकर्षक एवं सुसज्जित रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। मान्यता है कि भगवान के रथ की रस्सी खींचना अत्यंत पुण्यदायी होता है, इसलिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

रथयात्रा के दौरान पूरा मनावर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, जय श्री जगन्नाथ के उद्घोष और पुष्पवर्षा से नगर की फिजा पूरी तरह भक्तिरस में डूब जाएगी। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारी संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर भगवान की आरती उतारी जाएगी और रथयात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।

रथयात्रा श्री बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से प्रारंभ होकर दुर्गा माता मंदिर (नाला प्रांगण), क्रांति चौराहा, सनन चौराहा, अंबेडकर चौराहा, मेला मैदान, शंकर मंदिर (ग्रीड रोड), गांधी चौराहा, सदर बाजार, क्रांति चौपाटी, मालवी चौपाटी, गणेश चौपाटी, नरसिंह मंदिर और दनादन चौपाटी होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। यहां भगवान की महाआरती के साथ रथयात्रा का समापन होगा तथा श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की जाएगी।

 

आयोजन समिति ने नगर के सभी सामाजिक, धार्मिक, युवा, व्यापारी एवं राजनीतिक संगठनों सहित आम नागरिकों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों और घरों के सामने रथयात्रा का भव्य स्वागत करने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और एकता का महोत्सव है। अधिकाधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह रथयात्रा मनावर के इतिहास में एक यादगार आयोजन बनेगी।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें