सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी भोजशाला में नहीं हुई जुम्मे की नमाज, गर्भगृह में गूंजा हनुमान चालीसा पाठ
धार। धार स्थित विवादित भोजशाला परिसर में सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद पहले जुम्मे पर भी नमाज अदा नहीं हो सकी। अदालत ने जिला प्रशासन को प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 1 से 3 बजे तक मुस्लिम समाज के लिए भोजशाला के समीप वैकल्पिक नमाज स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन स्थल तय नहीं होने के कारण इस शुक्रवार नमाज का आयोजन नहीं हो पाया।
सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की प्रति शुक्रवार दोपहर जिला प्रशासन और संबंधित पक्षों को प्राप्त हुई। आदेश सामने आते ही शहर में दिनभर नमाज को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। इसी बीच बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता भोजशाला पहुंचे और गर्भगृह में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर धार्मिक अनुष्ठान किया।
संभावित संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। भोजशाला परिसर सहित शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रहे। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
अब जिला प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप मुस्लिम समाज के लिए उपयुक्त वैकल्पिक नमाज स्थल के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। भोजशाला विवाद पर सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और आगामी शुक्रवार की व्यवस्था पर टिकी हैं।










