Search
Close this search box.

भोपाल में राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहुल गांधी के विरोध में भाजपा का कांग्रेस मुख्यालय घेराव, भोपाल में बैरिकेडिंग पर हाई-वोल्टेज प्रदर्शन

भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव करने की कोशिश करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रेड क्रॉस अस्पताल से रैली निकालकर कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों के बढ़ते कदमों को रोकने के लिए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग कर दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। मौके पर कुछ देर तक गहमागहमी और नारेबाजी का माहौल बना रहा, हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह विरोध कांग्रेस और राहुल गांधी को चेतावनी देने के लिए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार देश में अराजकता का वातावरण बनाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से ऐसे प्रयासों का लगातार विरोध करती रहेगी।

वहीं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता उन्हें गंभीर नेता नहीं मानती। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के घेराव जैसे कदमों को “राजनीतिक नौटंकी” बताते हुए कहा कि इससे जनता भ्रमित होने वाली नहीं है। शर्मा ने राहुल गांधी से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करने और अपनी सोच बदलने की नसीहत भी दी।

दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा किसी भी ऐसी राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी, जो देश के हितों के खिलाफ हो। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा पार्टी नेतृत्व के समर्थन में भी जोरदार नारे लगाए।

 

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें