एमपी के मुख्य सचिव अनुराग जैन बने नीति आयोग के CEO, अब नए मुख्य सचिव की तलाश तेज
भोपाल। मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। बुधवार शाम अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, 1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग जैन पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले दो वर्षों तक नीति आयोग के CEO के रूप में कार्य करेंगे।
अनुराग जैन की नियुक्ति को प्रशासनिक क्षेत्र में मध्य प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उन्होंने मुख्य सचिव के रूप में अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों को गति दी। अब केंद्र में नई जिम्मेदारी मिलने के साथ ही उनकी प्रशासनिक भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी।
वहीं, अनुराग जैन के दिल्ली रवाना होने के बाद मध्य प्रदेश में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य के वरिष्ठ IAS अधिकारियों के बीच इस प्रतिष्ठित पद के लिए चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं और संभावित दावेदारों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। अब सबकी नजर राज्य सरकार के अगले फैसले पर टिकी है कि मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव कौन होगा।










