सिरसी हाई स्कूल की जमीन से हटा अतिक्रमण, प्रशासन ने जेसीबी चलाकर कराया कब्जा मुक्त
संजय यादव रिपोटर… 
मनावर। धार जिले के मनावर क्षेत्र के ग्राम सिरसी स्थित शासकीय हाई स्कूल की शासकीय भूमि पर वर्षों से हुए अतिक्रमण को गुरुवार को प्रशासन ने हटाकर स्कूल परिसर को कब्जा मुक्त कराया। स्कूल प्रबंधन द्वारा कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत और शिक्षकों को धमकाने के आरोप सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। 19 जुलाई 2026 को में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
मनावर तहसीलदार विजय तलवारे के नेतृत्व में गठित राजस्व टीम ने हल्का पटवारी राजेंद्र गवांधे, चौकीदार शैलेंद्र गणपुर, मंगु चौकीदार एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता प्राचार्य दिनेशचंद्र पाटीदार एवं स्कूल के शिक्षक भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्कूल से लगी शासकीय सर्वे नंबर 231/1/2 की रिक्त भूमि को भी जेसीबी से साफ कराकर पूरी तरह खाली कराया। साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी स्कूल भवन की खिड़कियां भी खुलवाई गईं, जिससे कक्षाओं में रोशनी और हवा का आवागमन बेहतर हो सके।
इस कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थियों और ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब शासकीय भूमि पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनेगा।









