युवा संसद में गूंजा समान कानून का संदेश, CM मोहन यादव बोले- राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाएं युवा
भोपाल। विधानसभा में आयोजित ‘संसद यूथ पार्लियामेंट-2026’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 12 राज्यों से आए 52 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनने तक सीमित न रहें, बल्कि राजनीति में आकर देश और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है और भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले विधानसभा परिसर में आयोजित युवा संसद ने पूरे भारत की विविधता को एक मंच पर ला दिया है। उन्होंने कहा कि सदन कल्याणकारी नीतियां बनाने का पवित्र स्थान है और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझकर उनमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
‘राम और रहीम के लिए कानून समान होना चाहिए’
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सभी नागरिकों के लिए कानून समान होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारे लिए राम और रहीम के लिए कानून समान है।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में यूसीसी को लेकर व्यापक स्तर पर सुझाव लिए गए और सर्वे में 76 प्रतिशत मुस्लिम महिलाओं ने समान नागरिक संहिता का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि सरकार वोट बैंक की राजनीति के बजाय सभी नागरिकों के समान अधिकार, सम्मान और विकास के लिए काम करने के पक्ष में है। मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में अग्रणी है, जहां समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में विधानसभा से विधेयक पारित किया गया है।
युवाओं से राजनीति में आने का आह्वान
डॉ. यादव ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के उदाहरण देते हुए कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने आईसीएस की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भी अंग्रेजी शासन की नौकरी ठुकराकर देश की आजादी के आंदोलन को चुना था। युवाओं को भी देशहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुम्बकम’, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ जैसे मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की ताकत उसकी अनेकता में एकता और सर्वधर्म सद्भाव में है।
युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें
कार्यक्रम में दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। वहीं युवा सांसद की भूमिका में आरब सिंह शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में खेल एवं युवाओं के कल्याण के लिए 800 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा गया है। प्रदेश में 274 सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं तथा 200 नए सांदीपनि विद्यालय बनाए जाने की योजना है।
युवा संसद ने युवाओं को लोकतंत्र, समानता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक विमर्श की झलक प्रस्तुत की।










