Search
Close this search box.

बड़ी खबर – थाने में महिला ने खुद को आग लगाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धरमपुरी थाने में महिला ने खुद को आग लगाई, पुलिसकर्मियों ने बचाई जान

धार। धरमपुरी थाना परिसर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद को लेकर थाने पहुंची एक महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। महिला को बचाने के प्रयास में सब इंस्पेक्टर अतुल जोशी सहित एक अन्य पुलिसकर्मी भी झुलस गए। दोनों के हाथों पर चोट आई है।

घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल महिला को आग से बचाया और उपचार के लिए धरमपुरी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला दीपिका ठाकुर को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार महिला करीब 13 प्रतिशत झुलसी है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के अनुसार, दीपिका ठाकुर और उसके पति काशिफ का परिजनों के साथ पैसों के लेन-देन और जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस के मुताबिक महिला पूर्व में भी आत्मघाती कदम उठाने की धमकी देती रही है और कई बार विवाद की स्थिति सामने आ चुकी है।

बताया गया कि घटना से पहले दीपिका और उसके पति काशिफ थाने पहुंचे थे, जहां पुलिसकर्मियों से विवाद और अभद्रता हुई। इसी दौरान महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, जिसमें वे भी झुलस गए।

पुलिस ने मामले में महिला के पति काशिफ के खिलाफ रोजनामचा रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और थाने में हुई घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

थाने के भीतर हुई इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और पारिवारिक विवाद के बढ़ते तनाव को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment