रीजनल पार्क के सामने गूंजेगी ‘छात्रों की गूंज’, राहुल गांधी होंगे छात्रों से रूबरू
इंदौर। आखिरकार कांग्रेस ने राहुल गांधी के बहुचर्चित छात्र संवाद कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर मुहर लगा दी है। इंदौर के रीजनल पार्क के सामने राहुल गांधी छात्रों से रूबरू होंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने पोस्टर भी जारी कर दिया है, जिसके बाद शहर की सियासत में हलचल और तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि 10 सितंबर से दिल्ली की टीम आयोजन स्थल पर मोर्चा संभालकर तैयारियों को गति देगी। फिलहाल स्थल पर साफ-सफाई और घास कटाई का काम जारी है।
राहुल गांधी के कार्यक्रम के स्थल को लेकर पिछले दिनों भाजपा और कांग्रेस के बीच जमकर सियासी खींचतान देखने को मिली। नेहरू स्टेडियम को लेकर दोनों पक्षों की ओर से पत्राचार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। अब आयोजन स्थल तय होने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का पोस्टर जारी कर सियासी संदेश भी दे दिया है।
कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है, वहीं राहुल गांधी के छात्रों से संवाद को लेकर इंदौर की राजनीतिक फिजा में भी हलचल बढ़ती नजर आ रही है।









