बाबा बंकनाथ की शाही सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब
धार/मनावर। बाबा बंकनाथ की भव्य शाही सवारी मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ नगर में निकली। शाही सवारी में आकर्षक झांकियों के साथ बाबा बंकनाथ का नगर भ्रमण कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवारी में शामिल हुए और पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इस वर्ष शाही सवारी ने अपने 20वें वर्ष में प्रवेश किया। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ सवारी के साथ चलती रही। भव्य शाही सवारी रात्रि करीब 1 बजे बाबा बंकनाथ मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शाही सवारी को लेकर विधायक, नगर प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीड़ को देखते हुए जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी।
आयोजन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शाही सवारी के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले विधायक, नगर प्रशासन, पुलिस प्रशासन, समिति सदस्यों और समस्त नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

तहलका भारत से संजय यादव, धार की रिपोर्ट।









