सीधी जिला अस्पताल में लापरवाही से गई युवक की जान, परिजनों का आरोप – फटा पाइप और गलत इंजेक्शन बना मौत का कारण
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिला अस्पताल में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान 25 वर्षीय अजय साकेत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और नर्सों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अजय को ऑक्सीजन देने वाला पाइप फटा हुआ था, साथ ही उसे गलत इंजेक्शन भी लगाया गया।
परिजनों के अनुसार, अजय गुरुवार रात करीब 9 बजे बुखार की शिकायत लेकर खुद बाइक से जिला अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया, लेकिन कुछ ही घंटों में उसकी हालत बिगड़ने लगी। देर रात लगभग दो बजे अजय ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का कहना है कि ऑक्सीजन पाइप से गैस लीक हो रही थी और नर्सों ने लापरवाही बरतते हुए गलत इंजेक्शन दे दिया। इससे युवक की मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग करते हुए शव को मॉर्चुरी के सामने सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर शिवसेना कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भीड़ जुट गई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में इलाज के नाम पर लापरवाही चरम पर है।
मौके की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषी नर्सों और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।










