
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सीतामऊ तहसील के पास ग्राम सेदरा माता के समीप एक एम्बुलेंस पुलिया से नीचे जा गिरी, जिससे दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, लेकिन रातभर किसी को इसकी खबर नहीं लगी। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तब पुलिया के नीचे एम्बुलेंस (AP-39-UZ 5726) दिखी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद घायल ड्राइवर को बाहर निकाला, जो रातभर एम्बुलेंस में फंसा रहा।

ट्रैक्टर की मदद से एम्बुलेंस को बाहर निकाला गया। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था। मृतकों की पहचान अबीर और शिबू के रूप में हुई है, जबकि घायल ड्राइवर अजीनूर हक (28), निवासी सिलीगुड़ी (प. बंगाल) बताया गया है। जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस स्टाफ के तीनों सदस्य अहमदाबाद में एक मरीज को छोड़कर सिलीगुड़ी लौट रहे थे। हादसा सेदरा माता और भुवानगढ़ के बीच हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।










