Search
Close this search box.

“भक्ति में डूबा पीथमपुर… श्याम नाम से गूंज उठा हर कोना!”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीथमपुर में देव उठानी एकादशी पर खाटू श्याम बाबा का भव्य उत्सव

फूल बंगला, महा आरती, 56 भोग और भजन संध्या में उमड़े श्रद्धालु…! 

संपादक रानु शर्मा…! 

भोपालऔद्योगिक नगरी पीथमपुर में देव उठानी एकादशी के पावन अवसर पर धार्मिक उल्लास और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। सीसी पावर चौराहे स्थित स्व. राजाराम पटेल टावर पर बने खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम का प्रकट उत्सव बड़ी ही धूमधाम और श्रद्धा से मनाया गया।

मंदिर को आकर्षक फूल बंगले से सजाया गया था, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। मंदिर प्रशासक एवं सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल ने बताया कि बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार किया गया और 56 भोग की प्रसादी अर्पित की गई। पूरे परिसर में भक्ति संगीत और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

देव उठानी एकादशी के अवसर पर तुलसी विवाह और लक्ष्मी-नारायण भगवान की पूजा का विशेष आयोजन हुआ। इसके पश्चात खाटू श्याम बाबा की महा आरती की गई और बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नीलेश भारती, सुभाष जायसवाल, रंजीत ठाकुर, पंकज पुरी, कमल चौधरी, अवध ठाकुर, रवि जाट और मनोज पटेल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इन्हीं की उपस्थिति में भजन संध्या का शुभारंभ हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने बाबा श्याम के भजनों से समा बांध दिया।

श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में हजारों की संख्या में भक्तजन, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सम्मिलित हुए। सभी ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भजन संध्या का आनंद उठाया।

कार्यक्रम के समापन पर भक्तों को फलाहारी अल्पाहार, खिचड़ी, खीर, केले और मिठाई सहित बाबा श्याम की प्रसादी का वितरण किया गया। पूरा वातावरण “श्याम तेरी भक्ति निराली” के जयघोषों से गूंज उठा।

 

पीथमपुर में देव उठानी एकादशी का यह आयोजन आस्था, समर्पण और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें