Search
Close this search box.

अटल बिहारी वाजपेयी को भाजपा ने किया नमन, बूथ-बूथ पर दीपोत्सव और स्वच्छता अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अटल स्मृति पर्व पर भाजपा ने मनाया सुशासन दिवस, बूथ स्तर तक हुआ दीपोत्सव एवं स्वच्छता अभियान

धार।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर जिले भर में अटल स्मृति पर्व एवं सुशासन दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भाजपा के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती के मार्गदर्शन में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत 18 मंडलों के सभी बूथ केंद्रों पर स्वच्छता अभियान, दीपोत्सव एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर बूथ स्तर पर दीपोत्सव किया गया, वहीं 25 दिसंबर को भाजपा नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया और उनके विचारों को स्मरण किया।

इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. शरद विजयवर्गीय, जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता जोशी ने अटल जी के जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डाला।

भाजपा नेता डॉ. शरद विजयवर्गीय ने कहा कि “श्रद्धेय अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। सुशासन, लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रप्रथम की भावना और सदैव सकारात्मक सोच का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर हम विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकते हैं।”

जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में उनके योगदान को देश सदैव स्मरण रखेगा।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता जोशी ने कहा कि “श्रद्धेय अटल जी माँ भारती की आत्मा की सशक्त आवाज थे। उनके विचारों में राष्ट्रभक्ति, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्पष्ट झलक मिलती है। राजनीति में शुचिता, सुशासन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का जो स्वप्न उन्होंने देखा था, वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है।”

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राखी राय, कार्यालय मंत्री मनीष प्रधान, जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष जयराज देवड़ा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनमचंद फकीरा, मंडल महामंत्री सीमा सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा द्वारा दी गई।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें