भोपाल | विशेष रिपोर्ट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी को प्रदेश की लाड़ली बहनों को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। माखन नगर (बाबई) में आयोजित होने वाले लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योजना की 32वीं किश्त का बहनों के खातों में सीधे अंतरण करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 31 हजार से अधिक पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी। इसके साथ ही 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना के अंतर्गत नवंबर 2025 से मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई, जिसके बाद अब पात्र हितग्राही महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
आंकड़ों के अनुसार, जून 2023 से दिसंबर 2025 की अवधि में योजना के तहत अब तक 48 हजार 632 करोड़ 70 लाख रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। वहीं जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच 38 हजार 635 करोड़ 89 लाख रुपये का सीधा लाभ बहनों को मिला है।
लाड़ली बहना योजना ने प्रदेश की महिलाओं के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान को नई दिशा दी है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रहकर, आगामी समय में योजना की हितग्राही महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल उन्नयन कार्यक्रमों से जोड़ना है, ताकि वे और अधिक सशक्त बन सकें।
प्रदेश सरकार का यह कदम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखा जा रहा है, जो सामाजिक और आर्थिक बदलाव की नींव को और सुदृढ़ करेगा।









