Search
Close this search box.

ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर कोलार रोड पुलिस का बड़ा प्रहार : 2 आरोपी गिरफ्तार, 16 मोबाइल –3 लैपटॉप और लाखों का सामान जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल |
थाना कोलार रोड पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, भारी मात्रा में मोबाइल सिम और 36,250 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध सट्टा एवं जुए के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत यह अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-04 श्री मलकीत सिंह तथा प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी संभाग श्री अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोलार रोड द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया।
दिनांक 13 जनवरी 2026 को थाना कोलार रोड पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आशियाना हाईट्स, फ्लैट नंबर 104 में कुछ लोग ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग क्रिकेट मैचों पर लोगों से पैसे का दांव लगवाकर अवैध सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी से अनुमति लेकर सर्च वारंट प्राप्त किया गया और बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।
पुलिस टीम द्वारा फ्लैट नंबर 104 की तलाशी लेने पर मौके पर दो व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा संचालन करते हुए पाए गए। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अमित सुहाने (32 वर्ष) निवासी सागर, हाल पता कोलार भोपाल और अमित रावत (40 वर्ष) निवासी जबलपुर बताया। तलाशी के दौरान फ्लैट से 16 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, बड़ी संख्या में सिम कार्ड और नकदी बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को तीन गुना पैसे देने का लालच देकर ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए प्रलोभित करते थे। सट्टे की राशि वे अलग-अलग बैंक खातों और कैश के माध्यम से प्राप्त करते थे और अवैध रूप से भारी मुनाफा कमा रहे थे।
आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सोनी, उपनिरीक्षक केशांत शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक सुनील त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक अनुराध सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक ऋषि तिवारी सहित थाना कोलार रोड के अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
कोलार रोड पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालकों में हड़कंप मच गया है।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें