
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं प्रदेश अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी रणनीतियों तथा पार्टी के कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन की मजबूती, अनुशासन, समन्वय और जनसेवा के मूल मंत्र पर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की शक्ति कार्यकर्ताओं की निष्ठा, संगठनात्मक एकता और जनता से निरंतर संवाद में निहित है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल भी शामिल हुए।

बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर तक पार्टी को और मजबूत करने, तथा केंद्र व राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। यह बैठक पार्टी की आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक दिशा को स्पष्ट करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।










