
उज्जैन में राहगीरी उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार सुबह उज्जैन में आयोजित “राहगीरी उत्सव” में शामिल हुए। उत्सव की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने पुलिस, बीएसएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त परेड की सलामी लेकर सुरक्षा बलों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राहगीरी उत्सव के दौरान आमजन से आत्मीय संवाद किया और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। उन्होंने उत्सव में पारंपरिक बैलगाड़ी की सवारी कर ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण के बीच मुख्यमंत्री ने शंखनाद, खड़ताल वादन किया तथा धर्म ध्वजा लहराकर सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर उन्होंने भजन गायन में भी सहभागिता निभाई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहगीरी उत्सव जैसे आयोजन समाज को स्वस्थ जीवनशैली, सांस्कृतिक मूल्यों और सामूहिक सहभागिता से जोड़ते हैं। उन्होंने उज्जैनवासियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिलती है।

राहगीरी उत्सव में बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, बच्चे और सामाजिक संगठन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव का सुंदर समन्वय देखने को मिला।










