
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल स्थित सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा आयोजित “अभिनंदन समारोह” में सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षक संघ की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनंदन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला होते हैं। उनका योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वे संस्कार, मूल्य और राष्ट्रनिर्माण की भावना को भी सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षकों के कल्याण व सम्मान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कैलेंडर तथा पुस्तिका “हमारा विद्यालय–हमारा तीर्थ” का विमोचन किया। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आयोजित शैक्षिक प्रदर्शनी का शुभारंभ कर उसका अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण शिक्षकों के सम्मान और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना से ओत-प्रोत रहा।










