मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित ‘अन्नदाता सम्मान समारोह’ में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों और हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अन्नदाता प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके सम्मान व सशक्तिकरण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसान कल्याण योजनाओं के माध्यम से खेती को लाभ का धंधा बनाया जा रहा है। सिंचाई, बीज, खाद, समर्थन मूल्य और तकनीक के क्षेत्र में सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन दिवसीय ‘सीतामऊ साहित्य महोत्सव’ का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि साहित्य और संस्कृति समाज की चेतना को दिशा देने का कार्य करती है तथा ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










