बयान को तोड़-मरोड़कर फैलाने का आरोप, मंत्री करण सिंह वर्मा का पलटवार
कहा—बहनों के सम्मान पर राजनीति बर्दाश्त नहीं
भोपाल…!
प्रदेश शासन के मंत्री करण सिंह वर्मा ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित बयान को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उनके शब्दों को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने इसे दुर्भावनापूर्ण प्रचार करार देते हुए साफ कहा कि बहनों के सम्मान से जुड़ी योजनाओं पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
मंत्री वर्मा ने स्पष्ट किया कि ग्राम धामंदा में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने सभी बहनों और नागरिकों को सम्मानपूर्वक प्रणाम कर की थी। अपने संबोधन में उन्होंने स्व-सहायता समूहों और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया था, न कि किसी प्रकार का अपमानजनक वक्तव्य दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का एकमात्र उद्देश्य बहनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करना है। मध्यप्रदेश में महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता भविष्य में भी निर्बाध रूप से जारी रहेगी।
मंत्री वर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर बहनों को सम्मानपूर्वक सहायता प्रदान की जाती है और यह योजना बहनों के स्वाभिमान से जुड़ी है, जिसे कोई भी ताकत समाप्त नहीं कर सकती।
करण सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर भ्रम फैलाकर महिलाओं की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पूरे संबोधन में बहनों के सम्मान में उन्हें प्रणाम किया और यदि फिर भी किसी को ठेस पहुंची हो तो वे संवेदनशीलता के साथ खेद प्रकट करते हैं।










