दसाई ग्राम पंचायत के उप सरपंच का शव पेड़ से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी
उमरबन/मनावर। उमरबन विकासखंड की ग्राम पंचायत दसाई के उप सरपंच फादूसिंह कलमे (40) का शव बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ से लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही उमरबन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, दसाई के पटेलपुरा निवासी फादूसिंह कलमे का शव गांव के बोहरला रोड स्थित एक खेत में पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मनावर सिविल अस्पताल भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत के पीछे क्या कारण हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने भी फिलहाल किसी प्रकार की आशंका या कारण को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।
अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आ सकेगी।










