Search
Close this search box.

सहकारिता से सशक्त होगा मध्यप्रदेश, भोपाल में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल में राज्य स्तरीय सहकारी प्रदर्शनी का शुभारंभ, ‘सहकार से समृद्धि’ अभियान को मिली नई रफ्तार

भोपाल। सहकारी सप्ताह के तहत भोपाल में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सहकारी प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। दीप प्रज्वलन और फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद मंत्री ने विभिन्न सहकारी संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, उत्पादक संगठनों और शासकीय विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा प्रतिनिधियों से संवाद कर सहकारिता आधारित आर्थिक गतिविधियों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रदेश में 29 जून से 5 जुलाई तक मनाए जा रहे सहकारी सप्ताह के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी सहकारी संस्थाओं के उत्पादों, नवाचारों और योजनाओं को एक मंच पर लाकर उन्हें नए बाजार उपलब्ध कराएगी। इससे सहकारी संस्थाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, स्थानीय उत्पादों का प्रचार-प्रसार होगा और प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सारंग ने महिला स्व-सहायता समूहों और हस्तशिल्प कारीगरों को सिलाई मशीन सहित विभिन्न टूल किट और आवश्यक सामग्री वितरित की। साथ ही मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

तीन दिवसीय प्रदर्शनी में सांची, मार्कफेड, इफको, कृभको, नेफेड, अपेक्स बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, एनसीडीसी, नाबार्ड सहित प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख सहकारी संस्थाओं ने कृषि, डेयरी, बीज, उर्वरक, बैंकिंग, महिला सशक्तिकरण, हस्तशिल्प, एफपीओ, सौर ऊर्जा और ग्रामीण आजीविका से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया है।

4 जुलाई 2026 तक आम नागरिकों के लिए खुली यह प्रदर्शनी सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने और ‘सहकार से समृद्धि’ के राष्ट्रीय अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें