मनावर में भीषण सड़क हादसा : दो बाइक सवारों की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
संजय यादव रिपोटर…
धार जिले के मनावर में धार रोड पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, मनावर के धार रोड पर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कमल रमन और बबलू दयाराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही मनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए शवों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि धार रोड पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदहाल है। विद्युत विभाग की लापरवाही और सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त की जाती, तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
अब बड़ा सवाल यह है कि दो लोगों की जान जाने के बाद क्या प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क सुरक्षा एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाएंगे, या फिर लोग इसी तरह हादसों का शिकार होते रहेंगे।










