सावित्री ठाकुर ने सिंधिया से की मुलाकात, भोजशाला की माँ वाग्देवी के नाम स्मारक डाक टिकट जारी करने की मांग
नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से शिष्टाचार भेंट कर जनहित, संचार सेवाओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान सावित्री ठाकुर ने धार की ऐतिहासिक भोजशाला स्थित माँ वाग्देवी (सरस्वती) के सम्मान में स्मारक डाक टिकट (पोस्टल स्टाम्प) जारी किए जाने का अनुरोध करते हुए सिंधिया को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि भोजशाला भारतीय ज्ञान, संस्कृति और सभ्यता का महत्वपूर्ण केंद्र है तथा माँ वाग्देवी के सम्मान में डाक टिकट जारी होने से देशभर में भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पहचान मिलेगी।
सावित्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को प्राथमिकता मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल भारतीय संस्कृति और शिक्षा के सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम होगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को धार स्थित विश्वप्रसिद्ध भोजशाला के दर्शन के लिए भी आमंत्रित किया।
बैठक में धार लोकसभा क्षेत्र की संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। सावित्री ठाकुर ने ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में बीएसएनएल के नए मोबाइल टावर स्थापित करने, मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा डाक विभाग की सेवाओं के विस्तार, नए डाकघरों और आवश्यक डाक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि भोजशाला में माँ वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव और क्षेत्र में संचार एवं डाक सेवाओं के विस्तार संबंधी सुझावों पर सकारात्मक पहल होगी, जिससे धार क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक गौरव को नई मजबूती मिलेगी।










