Search
Close this search box.

हत्या की साजिश नाकाम : चंदन नगर पुलिस ने पिस्टल-कारतूस के साथ आरोपी को दबोचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हत्या की साजिश से पहले आरोपी दबोचा, देसी पिस्टल और कारतूस बरामद

इंदौर। चंदन नगर थाना पुलिस ने सतर्कता और सक्रिय रात्रि गश्त के दौरान एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया। हॉटस्पॉट और शेडो एरिया चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी व्यक्ति की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा था।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शहर में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डीसीपी जोन-4 सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल और एसीपी शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में थाना चंदन नगर की टीम लगातार हॉटस्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग कर रही है।

अंधेरे में छिपा था आरोपी, पुलिस को देखते ही भागने लगा

25 जुलाई 2026 की रात पुलिस टीम नूरानी नगर कब्रिस्तान के पीछे खाली मैदान में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति अंधेरे में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ईश्वर उर्फ नाना जाट (47) निवासी अकोदिया मंडी, जिला शाजापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है।

बदला लेने के लिए खरीदा था हथियार

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी भतीजी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले व्यक्ति से बदला लेने के लिए उसने यह अवैध हथियार खरीदा था। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से खरीदा गया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

आरोपी के खिलाफ थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 923/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी जांच

पुलिस अब अवैध हथियार के निर्माण और सप्लाई चेन की बैक-ट्रेसिंग कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की मंशा और संभावित अपराध की पूरी साजिश का खुलासा करने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिलक कारोले, उपनिरीक्षक मनोज सिंह भदौरिया सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें