तहसील पत्रकार संघ, मनावर के अध्यक्ष बने अशोक पाटीदार… 
पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठन को सशक्त बनाने और निष्पक्ष पत्रकारिता को नई दिशा देने का लिया संकल्प
मनावर (धार)। तहसील पत्रकार संघ, मनावर की महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय विश्रामगृह में आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन पर्यवेक्षक वरिष्ठ पत्रकार कैलाश राठौड़, कैलाश मुकाती एवं वाहिद मंसूरी की उपस्थिति में सर्वसम्मति से युवा पत्रकार अशोक पाटीदार को तहसील पत्रकार संघ, मनावर का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मनोनयन की घोषणा होते ही उपस्थित पत्रकारों ने पुष्पहार पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक के दौरान जारी प्रशंसा-पत्र में कहा गया कि अशोक पाटीदार के नेतृत्व में तहसील पत्रकार संघ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उनके अनुभव, सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता एवं सकारात्मक नेतृत्व से संगठन और अधिक मजबूत, संगठित तथा प्रभावी बनेगा। साथ ही पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए ठोस एवं सार्थक प्रयास किए जाएंगे।
नवनियुक्त अध्यक्ष अशोक पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि वे सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में एकता, समन्वय और सहयोग की भावना को मजबूत करते हुए वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा तथा पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके सम्मान की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथियों को नई पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में अनिल तोमर, दिनेश पटेल, लोकपाल सोलंकी, सोहन काग, महबूब राही, अंकित शुक्ला, अता मोहम्मद, कौशिक पंडित, दिलीप कुमरावत एवं हरिओम पटेल सहित तहसील पत्रकार संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अध्यक्ष मनोनीत होने पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने अशोक पाटीदार को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल, प्रेरणादायी एवं जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यकाल की कामना की।









