7 अगस्त से हर शुक्रवार जनता के बीच उतरेगी सरकार : ‘जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत, अधिकारी नहीं करेंगे बैठक
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार 7 अगस्त से ‘जन विश्वास अभियान’ शुरू करने जा रही है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत हर शुक्रवार जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं पर संवाद करेंगे, समस्याओं का समाधान करेंगे और संवेदनशील व सरल प्रशासन का संदेश देंगे।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि अभियान के दौरान हर शुक्रवार नियमित सरकारी बैठकें नहीं होंगी। केवल अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही अधिकारियों को बैठक करने की अनुमति होगी। सरकार का उद्देश्य है कि अधिकारी दफ्तरों तक सीमित न रहकर गांव, वार्ड और पंचायत स्तर तक पहुंचें और आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करें।
उन्होंने बताया कि अभियान में संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी को प्रमुख आधार बनाया गया है। सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी इसमें सक्रिय भागीदारी करेंगे। प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों को प्राथमिकता देंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
यह अभियान वार्ड और पंचायत स्तर तक संचालित होगा। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के परिणामों की समीक्षा के आधार पर इसकी कार्यप्रणाली में आवश्यक बदलाव भी किए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि अभी अभियान की मॉनिटरिंग के लिए कोई निश्चित कार्यक्रम तय नहीं किया गया है, लेकिन इसका उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना और जनता का सरकार पर विश्वास और मजबूत करना है।










