विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी कांग्रेस का संकल्प: जल-जंगल-जमीन, अधिकार और सम्मान की लड़ाई जारी रहेगी

मनावर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर उमरबन अर्बन ब्लॉक में आदिवासी कांग्रेस द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति, परंपराओं और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया गया।

जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष सुनील स्टार चौहान अपने साथियों के साथ उमरबन अर्बन ब्लॉक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज देश की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं का संवाहक होने के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान के लिए लगातार संघर्ष किया जाएगा।
कार्यक्रम में वनाधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, जल-जंगल-जमीन पर अधिकार, युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार, स्वास्थ्य, आवास तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के विकास के लिए केवल योजनाएं पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी है।
विश्व आदिवासी दिवस पर कार्यकर्ताओं ने समाज में शिक्षा और जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को नेतृत्व के लिए आगे लाने तथा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मलखान सिंह पटेल, जगदीश सावदान, भाई कनेल, नदराम वास्केल, पवन मंडलोई, जगदीश कनेल, रवि पटेल भुवादा, रामा पटेल, दिनेश डावर, धन्यसिंग बैनल, बच्चूसिंग, पहाड़सिंग सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला कार्यकर्ताओं में सोना बाई बैनल की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में महिला ब्लॉक आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष सुमन पटेल ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
आदिवासी कांग्रेस ने दोहराया— समाज की एकता, संस्कृति, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
तहलका भारत — संजय यादव की रिपोर्ट










