बालाघाट में राहुल गांधी का बड़ा वार : आदिवासी बच्चों की मौत पर सरकार को घेरा, बोले- लोकसभा में उठाऊंगा मुद्दा
MP – बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि बच्चों की मौत का मामला बेहद गंभीर है और इसे लोकसभा में उठाकर आदिवासी समाज के साथ हो रहे अन्याय की आवाज बुलंद करेंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीमारी और कथित सरकारी उपेक्षा के बीच आदिवासी बच्चों की जान गई, लेकिन प्रभावित परिवारों तक जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकारी सहायता पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच सकी। उन्होंने इसे मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की “100 प्रतिशत सरकारी विफलता” बताया।
उन्होंने कहा, “मैं लोकसभा के अंदर इस घटना के साथ ही देश में आदिवासियों के साथ हो रहे अन्याय का मुद्दा उठाऊंगा।” राहुल गांधी ने आदिवासी समाज के अधिकारों पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें “वनवासी नहीं, आदिवासी” कहा जाना चाहिए और वे हिंदुस्तान के पहले मालिक हैं, इसलिए उन्हें देश में सम्मान, जगह और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
बालाघाट के जगला गांव में राहुल गांधी ने प्रभावित परिवारों के साथ समय बिताया और उनकी समस्याएं सुनीं। उनके दौरे ने बालाघाट में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे को प्रदेश की राजनीति के केंद्र में ला दिया है।










