मंत्रिमंडल विस्तार की आहट के बीच सीएम मोहन यादव की अमित शाह से अहम मुलाकात
नई दिल्ली/भोपाल।
भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलावों के बीच मध्य प्रदेश की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। नितिन नवीन के भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात को प्रदेश की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के बीच हुई इस भेंट में संगठन और सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। खास तौर पर नए वर्ष में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि जनवरी के बाद प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है, जिसमें कुछ नए चेहरों को मौका मिलेगा, वहीं कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी तय मानी जा रही है।
इसके साथ ही प्रदेश में लंबे समय से रिक्त पड़े निगम, मंडल और बोर्डों में नियुक्तियों को लेकर भी रणनीति बनाई जा रही है। संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को संतुलन साधते हुए जिम्मेदारी देने के उद्देश्य से इन नियुक्तियों को जल्द अंजाम दिए जाने की संभावना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नितिन नवीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद संगठनात्मक ढांचे में बदलाव की प्रक्रिया तेज होगी, जिसका असर राज्यों की राजनीति पर भी दिखेगा। ऐसे में मुख्यमंत्री मोहन यादव की अमित शाह से यह मुलाकात न केवल मंत्रिमंडल विस्तार, बल्कि आने वाले समय की राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिलहाल, भाजपा नेतृत्व की ओर से आधिकारिक तौर पर किसी फैसले की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन संकेत साफ हैं कि नए साल में मध्य प्रदेश की राजनीति में बड़े फेरबदल देखने को मिल सकते हैं।










