Search
Close this search box.

“अन्नू को इंसाफ दो” : भोपाल पुलिस पर फूटा पौरुष संस्था का गुस्सा, कोलार थाने के खिलाफ सड़क पर उतरे सदस्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल में पौरुष संस्था का प्रदर्शन, कोलार थाना पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई के आरोप

भोपाल। इन्दौर की सामाजिक संस्था पौरुष के सदस्यों ने शनिवार को भोपाल पुलिस प्रशासन के खिलाफ बिट्टन मार्केट चौराहे पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। मामला कोलार थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां इन्दौर निवासी 20 वर्षीय युवक अन्नू की आत्महत्या के मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

संस्था के अनुसार, अन्नू ने 8 जनवरी 2026 को कथित मानसिक, आर्थिक, शारीरिक और भावनात्मक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। संस्था ने आरोप लगाया कि युवक की गर्लफ्रेंड अनीशा यादव और उसकी मां सुनंदा यादव, निवासी बघीरा अपार्टमेंट, बिट्टन मार्केट भोपाल, द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बावजूद अब तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

संस्था पौरुष के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दशोरा ने बताया कि कोलार थाना पुलिस ने कई बार मृतक के परिजनों को इन्दौर से भोपाल बुलाकर बयान लिए, लेकिन आज तक न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही आरोपियों से पूछताछ की गई। इसे लेकर संस्था ने पुलिस पर एकपक्षीय और जेंडर बायस्ड कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान संस्था के सदस्यों ने हाथों में झंडे-बैनर लेकर विरोध जताया और अन्नू को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च भी निकाला। इसके बाद कोलार थाने पहुंचकर पुलिस कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई। ज्ञापन को अध्यक्ष अशोक दशोरा ने पढ़कर सुनाया।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन जल्द उचित कार्रवाई नहीं करता है तो वे न्यायालय की शरण लेकर न्याय की गुहार लगाएंगे। प्रदर्शन में संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे।

Tahalka Bharat
Author: Tahalka Bharat

Leave a Comment

और पढ़ें