मनावर में 31 मई को सजेगा संगीत का महाकुंभ, 12 घंटे तक गूंजेंगे सदाबहार गीत
मनावर। स्वरागिनी गायन ग्रुप द्वारा 31 मई को 12 घंटे लगातार गीत गायन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विगत चार वर्षों से आयोजित हो रहा यह अनूठा कार्यक्रम इस वर्ष भी संगीत प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सहित गुजरात और महाराष्ट्र के 70 से अधिक गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
स्वरागिनी गायन ग्रुप के संरक्षक विश्वदीप मिश्रा एवं अध्यक्ष संदीप जाजमे ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश में अपनी तरह का अनूठा कार्यक्रम है, जिसमें गायक कलाकार लगातार 12 घंटे तक सदाबहार फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देते हैं। कार्यक्रम 31 मई को प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक धार रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पीछे पंवार कॉलोनी गार्डन में आयोजित होगा।
आयोजन में मनावर, कुक्षी, खलघाट, ठीकरी, सिंघाना, बड़वानी, राजपुर, खरगोन, धार, सेंधवा, गंधवानी, इंदौर, देवास, रतलाम सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार भाग लेंगे। वहीं गुजरात और महाराष्ट्र से भी गायक कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम स्थल पर कूलर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। स्वरागिनी गायन ग्रुप ने क्षेत्र के संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस संगीत महोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।









