देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे पर उठे बड़े सवाल, जीतू पटवारी ने प्रशासन को घेरा
देवास में हुए पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद अब पूरे मामले में प्रशासनिक लापरवाही और मिलीभगत को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे और कहा कि आखिर इतने बड़े खतरे को समय रहते क्यों नहीं रोका गया।
पटवारी ने सवाल उठाया कि क्या ग्रामीणों द्वारा लगातार की गई शिकायतों को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया? क्या कलेक्टर स्तर पर शिकायत पहुंचने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई? उन्होंने यह भी पूछा कि अवैध निर्माण और पहले हुई आगजनी की घटनाओं के बाद भी फैक्ट्री संचालन पर रोक क्यों नहीं लगाई गई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने लाइसेंस प्रक्रिया पर भी बड़ा सवाल खड़ा करते हुए पूछा कि क्या लाइसेंस किसी और के नाम पर था और फैक्ट्री का असली संचालन कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा था? साथ ही यह आशंका भी जताई कि कहीं लाइसेंस का बैक डेट में रिन्यूअल तो नहीं किया गया।
पटवारी ने कहा कि यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई होती तो शायद इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था। अब पूरे मामले में प्रशासनिक जिम्मेदारी तय होना चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।










